रिमझिम बारिश से खिल उठे किसानों के चेहरे, खूंटी में खरीफ खेती ने पकड़ी रफ्तार

खूंटी। मानसून की रिमझिम बारिश ने खूंटी जिले के किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई और खेतों की तैयारी का काम तेज हो गया है। जिले के खूंटी, तोरपा, कर्रा, मुरहू, रनिया और अड़की प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में किसान पूरे उत्साह के साथ खेती-किसानी में जुट गए हैं।

सुबह होते ही किसान परिवार के साथ खेतों में पहुंच रहे हैं। कहीं ट्रैक्टर से जुताई हो रही है तो कहीं बैलों की मदद से खेत तैयार किए जा रहे हैं। महिलाएं और पुरुष मिलकर धान की खेती और अन्य कृषि कार्यों में जुटे हैं। खेतों में बढ़ती चहल-पहल और हरियाली ने ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदल दी है।

अच्छी पैदावार की उम्मीद

कुंजला के प्रगतिशील किसान एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष काशीनाथ महतो ने कहा कि समय पर हुई बारिश ने खेती के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर दिया है। खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से कृषि कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होगी।

तोरपा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजन चौधरी ने किसानों से प्रमाणित बीजों का उपयोग करने और संतुलित मात्रा में रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेती से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान दियांकेल स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों से संपर्क कर सकते हैं।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मिला सहारा

बारिश का असर केवल खेती तक सीमित नहीं रहा। कृषि कार्यों में तेजी आने से ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिलने लगा है। वहीं खाद और बीज की दुकानों पर किसानों की भीड़ बढ़ने से स्थानीय कारोबारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। किसानों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में मानसून इसी तरह मेहरबान रहा तो इस बार खेती बेहतर होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *