झूठे मुकदमों से भाजपा नहीं डरेगी, लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा : पूर्णिमा साहू

जमशेदपुर। टेल्को थाना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को टेल्को सेक्टर मार्केट में बैठक कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। बैठक में विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखने वाली पार्टी है। झूठे मुकदमों से कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं टूटेगा और पार्टी संवैधानिक दायरे में रहकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया गया। नेताओं का आरोप था कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को अपराध का रूप देकर भाजपा कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

प्राथमिकी को बताया मनगढ़ंत

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्राथमिकी में कई ऐसी गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं, जिनका न तो बंद के दौरान कोई आधार है और न ही किसी प्रशासनिक या मीडिया रिपोर्ट में उनका उल्लेख मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।

बैठक में तीन जुलाई को शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, हिमांशु हत्याकांड और बढ़ते अपराधों के विरोध में आयोजित जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला महामंत्री जितेंद्र राय, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कल्याणी शरण सहित 18 भाजपा नेताओं और कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की प्रतियों का अध्ययन किया गया। साथ ही आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसएसपी को सौंपा जाएगा ज्ञापन

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि जमशेदपुर बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया था, लेकिन सरकार के इशारे पर प्रशासन ने झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा। प्रतिनिधिमंडल प्राथमिकी से निराधार धाराएं हटाने और शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग करेगा।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, मनोज सिंह, कल्याणी शरण सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *