नई दिल्ली। टी20 क्रिकेट में लगातार खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखला गंवाने और इंग्लैंड के खिलाफ भी लगातार हार के बाद चयनकर्ता आगामी दौरों के लिए टीम में फेरबदल कर सकते हैं। मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए तीन खिलाड़ियों की जगह सबसे ज्यादा खतरे में मानी जा रही है। इनमें टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा का नाम भी शामिल है।
तिलक वर्मा की कप्तानी नहीं बचा सकी जगह
इस सूची में सबसे बड़ा नाम उपकप्तान तिलक वर्मा का है। उपकप्तानी मिलने के बाद उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इंग्लैंड के खिलाफ चार टी20 मैचों में वह सिर्फ 51 रन ही बना सके और मध्यक्रम में टीम की रन गति बढ़ाने में नाकाम रहे।
लगातार खराब बल्लेबाजी के कारण अब उनकी जगह पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में लंबे समय से बाहर चल रहे संजू सैमसन की टी20 टीम में वापसी की संभावना भी मजबूत मानी जा रही है।
प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन भी चिंता का कारण
तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा भी खराब फॉर्म के कारण दबाव में हैं। आईपीएल 2025 में पर्पल कैप जीतने वाले प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं।
उन्होंने अब तक 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 11.22 की महंगी इकोनॉमी से सिर्फ 8 विकेट लिए हैं। आगामी जिम्बाब्वे दौरे के लिए युवा गेंदबाज अशोक शर्मा और यश ठाकुर को मौका मिलने के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि चयनकर्ता तेज गेंदबाजी विभाग में नए विकल्पों पर भरोसा जता सकते हैं।
वाशिंगटन सुंदर की जगह भी खतरे में
ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर का नाम भी संभावित बदलाव की सूची में शामिल है। गेंदबाजी में उन्होंने 62 टी20 मुकाबलों में 51 विकेट जरूर लिए हैं, लेकिन निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए वह टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए।
उनका 126.81 का स्ट्राइक रेट मौजूदा टी20 क्रिकेट के मानकों के हिसाब से साधारण माना जा रहा है। ऐसे में आईपीएल में 175.55 के स्ट्राइक रेट से प्रभावित करने वाले युवा बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे को आने वाले समय में मौका मिल सकता है।
लगातार हार के बाद बदलाव तय!
भारतीय टीम लगातार पांच टी20 मुकाबले हार चुकी है, जिसके बाद टीम संयोजन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला चयनकर्ताओं पर निर्भर करेगा, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए आगामी श्रृंखलाओं में टीम इंडिया में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
