हिमांशु हत्याकांड: मुख्य आरोपी राहुल दुबे की निशानदेही पर बरामद हुआ चापड़

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी राहुल दुबे की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, जिससे मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य और मजबूत होंगे। इस बीच एसआईटी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मुख्य आरोपी से पूछताछ में मिला अहम सुराग

सिटी एसपी ललित मीणा ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित डी.डी. बार के बाहर हिमांशु पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, मानवीय आसूचना और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की गई। पुलिस दबाव बढ़ने के बाद मुख्य आरोपी राहुल दुबे ने कुछ दिन पहले बिष्टुपुर थाना में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया गया।

अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक प्राथमिकी और अप्राथमिकी के कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

गिरफ्तार राहुल दुबे (30) कदमा के शास्त्रीनगर का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

एसआईटी कर रही है पूरे मामले की जांच

इस पूरे अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में एसआईटी ने किया। अभियान में जिले के कई पुलिस उपाधीक्षक, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, तकनीकी शाखा और विशेष छापामारी दल शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि जिले में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *