नक्सलियों के कई गुप्त डंप बरामद, सोना, नकदी, हथियार और विस्फोटक जब्त

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के कई गुप्त डंप बरामद किए हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान 116 ग्राम सोना, दो लाख रुपये नकद, आधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक और नक्सली सामग्री जब्त की गई। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) जितेंद्र कुमार खूंटे के नेतृत्व में की गई। हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिली सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त टीमों ने जंगल में सर्च अभियान चलाकर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप बरामद किए।

हथियार, सोना और विस्फोटक मिले

बरामद सामग्री में 116 ग्राम सोने का बिस्कुट, दो लाख रुपये नकद, एक इंसास राइफल, 16 इंसास मैगजीन, चार एके-47 मैगजीन, 68 कारतूस, 23 एसएलआर मैगजीन, 34 राउंड, पांच 12 बोर बंदूकें, तीन बीजीएल लॉन्चर, कार्बाइन मैगजीन, रिवॉल्वर, एयरगन, टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, जिलेटिन, डेटोनेटर, कुकर बम, कोडेक्स वायर, नक्सली वर्दी, दवाइयां, पर्चे और अन्य सामग्री शामिल है।

आत्मसमर्पण करने वालों से मिली अहम जानकारी

पुलिस के अनुसार, हाल में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने गुप्त ठिकानों की जानकारी दी थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इससे स्पष्ट है कि आत्मसमर्पित माओवादी अब हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं।

पुलिस ने अन्य सक्रिय माओवादियों से भी आत्मसमर्पण कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की है। साथ ही ग्रामीणों से क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *