रांची। राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक पीड़िता की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरी नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।
एक पीड़िता ने पुलिस को दी सूचना
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि आरोपियों के चंगुल से निकलकर एक नाबालिग ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तुपुदाना स्थित एक मकान में छापेमारी कर दूसरी नाबालिग का रेस्क्यू किया और मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, एक पीड़िता ने अपने साथ दुष्कर्म होने की बात कही है, जबकि दूसरी ने दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। गिरफ्तार चार वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
प्रेम संबंध का फायदा उठाकर बुलाया
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों नाबालिगों का दो आरोपियों से परिचय था। आरोपियों ने उन्हें स्मार्ट सिटी घुमाने के बहाने बुलाया और एक मकान में ले गए। वहां कथित रूप से दोनों को बंधक बनाकर दुष्कर्म और दुष्कर्म का प्रयास किया गया।
इसी दौरान एक नाबालिग वहां से भागने में सफल रही और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
