खूंटी। खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास 10 जुलाई को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, लोहे की रॉड, मोबाइल फोन सहित कई अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
प्रेम प्रसंग और रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को तजना नदी पुल के समीप एक युवक और एक महिला का शव मिलने के बाद खूंटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
जांच के दौरान सबसे पहले कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत (36) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के नाम बताए। इसके आधार पर पुलिस ने जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा (30), रितेश चीक बड़ाईक (18), मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक (48), सती देवी (38) और विजय रंजन शर्मा (40) को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव और रांची जिले के बुण्डू थाना क्षेत्र के बिरसा मोड़ के रहने वाले हैं।
हत्या में प्रयुक्त वाहन और हथियार बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच-15एए-5556), मृतक की बाइक (जेएच-02एवाई-7875), लोहे की रॉड, मृतकों और आरोपियों के मोबाइल फोन, मृतका व आरोपी की चप्पल तथा घटना के बाद जलाए गए कपड़ों की राख बरामद की है। सभी साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
एसआईटी ने किया सफल अभियान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार, कुन्दन कुमार, अमरजीत सिंकू, सुधीर कुमार यादव, निशा कुमारी, तकनीकी शाखा की टीम और खूंटी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।
