Homeझारखंडसड़क परियोजनाओं में देरी पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, दो माह में प्रमुख...

सड़क परियोजनाओं में देरी पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, दो माह में प्रमुख कार्य पूरे करने के निर्देश। वीडियो देखें…

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पिछले पांच वर्षों की कार्य योजनाओं, निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज एवं पुल-पुलिया परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कार्यों में देरी और लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं होगा।

सभी परियोजनाओं की जियो-टैगिंग होगी

मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं का अद्यतन डेटाबेस तैयार करने और जियो-टैगिंग अनिवार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की लागत, समय-सीमा और प्रगति का पूरा विवरण उपलब्ध होना चाहिए, ताकि निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का त्वरित समाधान करने और निर्माणाधीन व पूर्ण परियोजनाओं का नियमित अद्यतन रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को भी कहा।

गड्ढों और जलजमाव पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से सड़कों पर गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था और खराब सड़कों के सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही संकीर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के भी निर्देश दिए।

दो माह में पूरी हों प्रमुख परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सड़क, फ्लाईओवर और पुल परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राजधानी रांची सहित राज्य की लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रमुख परियोजनाओं को अगले दो माह के भीतर पूरा किया जाए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सोलर साइकिल ट्रैक समेत नई परियोजनाओं की भी समीक्षा की और गुणवत्ता, मजबूती, जल निकासी तथा पुल-पुलियों के किनारों को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments