Homeझारखंडजमशेदपुर40 लाख के निवेश में गड़बड़ी का आरोप, बैंक ऑफ बड़ौदा के...

40 लाख के निवेश में गड़बड़ी का आरोप, बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक समेत अन्य कर्मचारियों पर निवेश राशि में कथित अनियमितता और गबन का आरोप लगाया है। उन्होंने गोलमुरी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

40 लाख निवेश, निकासी के समय मिले सिर्फ 8 लाख

बुधवार को बैंक परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बदल कुमार कुंडू ने बताया कि वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने बेहतर रिटर्न का भरोसा देकर उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सलाह दी थी। बैंक पर विश्वास करते हुए उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक विभिन्न चरणों में करीब 40 लाख रुपये का निवेश किया।

उन्होंने बताया कि हाल ही में मकान निर्माण के लिए राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में कुल मिलाकर केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं। यह जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा।

बैंक पर संतोषजनक जवाब नहीं देने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय अलग-अलग कारण बताकर मामले को टालने का प्रयास किया। उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

बदल कुमार कुंडू ने आरोप लगाया कि बैंक अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत से उनकी मेहनत की कमाई का गबन हुआ है। उन्होंने पुलिस से दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और पूरी निवेश राशि वापस दिलाने की मांग की है।

वहीं, समाचार लिखे जाने तक बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी। गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments