HomeBreaking Newsपुरी रथ यात्रा में भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत, 200 से अधिक...

पुरी रथ यात्रा में भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत, 200 से अधिक घायल

पुरी। भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के पहले दिन गुरुवार को पुरी के ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रथों के बाहर आते ही उमड़ी भारी भीड़

भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ मंदिर से बाहर निकलते ही ग्रैंड रोड पर लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े। इसी दौरान अफरा-तफरी मच गई। दम घुटने से एक श्रद्धालु बेहोश हो गया, जिसे पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बचाव दल ने संभाला मोर्चा

स्पेशल रेस्क्यू यूनिट की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को भीड़ से बाहर निकाला। सभी घायलों को पुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने ग्रैंड रोड पर अतिरिक्त सुरक्षा बल और आपातकालीन चिकित्सा दल तैनात कर दिए हैं।

भव्य शुरुआत के बीच हादसा

रथ यात्रा के शुभारंभ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को पारंपरिक विधि-विधान के साथ रथों पर विराजमान किया गया। शंख, घंटों और जयघोष के बीच लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा के साक्षी बने, लेकिन भारी भीड़ के कारण आयोजन के दौरान यह दुखद हादसा हो गया।

बारिश और जलभराव से बढ़ी चुनौती

रथ यात्रा को देखते हुए ओडिशा सरकार ने भारी बारिश और जलभराव से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पिछले 24 घंटों में पुरी में लगभग 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। आवास एवं शहरी विकास विभाग ने 24 घंटे निगरानी दल तैनात किए हैं और जल निकासी के लिए उच्च क्षमता वाले पंप लगाए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments