गढ़वा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गढ़वा जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने का काम तेजी से जारी है। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण पूरा कर लिया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
8.62 लाख प्रपत्रों का हुआ वितरण
गढ़वा जिले में कुल 8 लाख 62 हजार 92 गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा किया जा चुका है। इनमें से 5 लाख 55 हजार 677 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया गया है। वहीं 644 प्रपत्र ऑनलाइन जमा किए गए हैं और 5 लाख 55 हजार 30 प्रपत्रों का बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा सत्यापन पूरा हो चुका है।
विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो गढ़वा विधानसभा में 4 लाख 26 हजार 661 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां सभी मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। अब तक 2 लाख 55 हजार 11 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 392 प्रपत्रों का ऑनलाइन जमा और 2 लाख 54 हजार 616 प्रपत्रों का सत्यापन किया गया है।
भवनाथपुर विधानसभा में भी तेजी से काम
भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4 लाख 35 हजार 431 मतदाता सूचीबद्ध हैं। यहां भी गणना प्रपत्रों का वितरण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब तक 3 लाख 666 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 439 प्रपत्रों का ऑनलाइन जमा और 3 लाख 414 प्रपत्रों का सत्यापन पूरा किया गया है।
डीसी ने मतदाताओं से सहयोग की अपील की
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने मतदाताओं से एसआईआर अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि बीएलओ के घर पहुंचने पर मतदाता आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्र सही तरीके से भरकर समय पर जमा करें।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सहयोग से ही शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत बनाती है।

