HomeBreaking Newsरांची में डूरंड कप-2026 का आगाज, 135वें संस्करण की ट्रॉफियों का भव्य...

रांची में डूरंड कप-2026 का आगाज, 135वें संस्करण की ट्रॉफियों का भव्य स्वागत

रांची। एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप-2026 की तीनों ट्रॉफियां शनिवार को रांची पहुंचीं। दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित ट्रॉफी शोकेस समारोह के साथ राजधानी में डूरंड कप का औपचारिक आगाज हुआ। समारोह में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि तथा आईबीजी-23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का भव्य प्रदर्शन किया गया। सेना के अधिकारियों, खेल विभाग के प्रतिनिधियों, फुटबॉल खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने ट्रॉफियों का स्वागत किया। इस दौरान डूरंड कप के गौरवशाली इतिहास और भारतीय फुटबॉल में उसके योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।

26 जुलाई से बिरसा मुंडा स्टेडियम में होंगे मुकाबले

सुदिव्य कुमार ने कहा कि डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी झारखंड के लिए गौरव की बात है। इससे राज्य में फुटबॉल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को देश के शीर्ष खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने कहा कि डूरंड कप भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन और खेल भावना का प्रतीक है। उन्होंने रांचीवासियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

रांची में डूरंड कप के मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में देश के प्रमुख फुटबॉल क्लबों के साथ भारतीय सेना और अन्य सर्विसेज की टीमें भी हिस्सा लेंगी।

1888 से जुड़ा है डूरंड कप का गौरवशाली इतिहास

डूरंड कप की शुरुआत वर्ष 1888 में शिमला के ऐतिहासिक अन्नाडेल मैदान से हुई थी। यह एशिया का सबसे पुराना और दुनिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक है। वर्ष 1940 में मोहम्मडन स्पोर्टिंग इस प्रतियोगिता का खिताब जीतने वाला पहला भारतीय क्लब बना था।

वर्ष 2019 से डूरंड कप का आयोजन बहु-राज्य और बहु-शहर प्रारूप में किया जा रहा है। रांची लगातार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है, जिससे झारखंड की खेल राजधानी के रूप में पहचान और मजबूत हुई है।

ट्रॉफी शोकेस समारोह के साथ रांची में डूरंड कप-2026 की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। अब फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें 26 जुलाई से शुरू होने वाले रोमांचक मुकाबलों पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments