चतरा। टंडवा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की है।
एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि टंडवा एनटीपीसी गेट नंबर-2 से कामता जाने वाली सड़क पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के पचड़ा निवासी राजेश कुमार (25) और टंडवा थाना क्षेत्र के नईपारम निवासी विकाश कुमार महतो (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार राजेश कुमार के पास से 9.01 ग्राम ब्राउन शुगर, एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई। वहीं विकाश कुमार महतो के पास से 10.71 ग्राम ब्राउन शुगर और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए।
एसडीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।
छापेमारी दल में टंडवा एएसपी प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार तथा टंडवा थाना के सशस्त्र जवान शामिल थे।


