रामगढ़। रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। यह धमकी स्पीड पोस्ट के जरिए भेजी गई एक चिट्ठी से दी गई है। पत्र सीधे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भेजा गया था।
बांग्ला भाषा में लिखी इस चिट्ठी के मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर से जांच
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। इसके बाद न्यायालय परिसर की गहन जांच शुरू की गई।
रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने पूरे परिसर की जांच कराई। इस दौरान डॉग स्क्वायड टीम और मेटल डिटेक्टर की मदद से न्यायालय के सभी हिस्सों की तलाशी ली गई।
कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस ने न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है। पूरे परिसर की जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस धमकी भरे पत्र की जांच में जुट गई है और इसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


