Homeक्राइमकेनरा बैंक से 1.10 करोड़ का गिरवी सोना गायब, बैंक अधिकारियों पर...

केनरा बैंक से 1.10 करोड़ का गिरवी सोना गायब, बैंक अधिकारियों पर एफआईआर

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित बामनगोड़ा के जाकिरनगर में संचालित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से गोल्ड लोन के बदले गिरवी रखे गए करीब 1.10 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में अनियमितता उजागर होने के बाद शाखा के तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

ऑडिट में सामने आई अनियमितता

बैंक के बिष्टुपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के रीजनल मैनेजर मंगेश रामानाथन की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि लॉकर में सुरक्षित रखे गए गोल्ड लोन के कई पैकेट जांच के दौरान गायब मिले। शिकायत के अनुसार 12 जून से 18 जून 2024 के बीच करीब 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के सोने का कथित गबन किया गया।

प्राथमिकी में तत्कालीन सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन अधिकारी इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, तत्कालीन शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो तथा दो अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी संबंधित शाखा में कार्यरत नहीं है।

पुलिस और बैंक दोनों कर रहे जांच

बैंक में प्रत्येक तीन महीने पर होने वाली नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन के रिकॉर्ड का मिलान लॉकर में रखे गए सोने से किया गया। इसी दौरान कई पैकेट गायब मिलने पर बैंक प्रबंधन ने विस्तृत आंतरिक जांच शुरू की और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि बैंक की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ की जा चुकी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोना किन परिस्थितियों में गायब हुआ और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। वहीं, बैंक प्रबंधन भी समानांतर रूप से अपनी आंतरिक जांच कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments