रांची। झारखंड में मानसून की रफ्तार अब भी असमान बनी हुई है। राज्य के 24 जिलों में से केवल सात जिलों में अब तक सामान्य वर्षा दर्ज की गई है, जबकि छह जिलों में 40 से 60 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। इससे खेती-किसानी को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
सात जिलों में सामान्य, छह जिलों में भारी कमी
मौसम विभाग के अनुसार रांची, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, साहिबगंज, दुमका और धनबाद में अब तक सामान्य वर्षा दर्ज की गई है। विभाग के मानकों के अनुसार सामान्य से 20 प्रतिशत तक कम वर्षा को भी सामान्य श्रेणी में रखा जाता है।
वहीं गढ़वा, चतरा, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और कोडरमा में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन जिलों में सामान्य से 40 से 60 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे खरीफ फसलों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
चक्रधरपुर में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में सबसे अधिक 167.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं सरायकेला में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में बुधवार सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम 30.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
आने वाले दिनों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि जिन जिलों में अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है, वहां मानसून की सक्रियता बढ़ने का इंतजार बना हुआ है।


