पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू स्थित प्रोस्पेक्टिंग चौक में मंगलवार देर रात चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी से भरा कैश बॉक्स चोरी कर लिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुटी है।
तेज बारिश का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
स्थानीय लोगों के अनुसार 21 और 22 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे चोरों ने प्रोस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथाल की दुकान को निशाना बनाया। दुकान संचालक नोबो पुथाल ने बताया कि बदमाश लोहे के औजार से साइड गेट का ताला और कुंडी तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। कैश बॉक्स में कितनी नकदी थी, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दुकान में रखे अन्य सामान, विशेषकर खाने-पीने की वस्तुओं को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। इससे साफ है कि उनकी नजर केवल नकदी पर थी। घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज
घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक हाथ में लोहे का सरिया लेकर दुकान की ओर जाते और कुछ देर बाद तेजी से लौटते दिखाई दे रहे हैं। आशंका है कि दोनों ही युवक चोरी की घटना में शामिल हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


