HomeBreaking Newsपुरस्कार विजेता फिल्मकारों से मिले मुख्यमंत्री, झारखंड को फिल्म निर्माण का केंद्र...

पुरस्कार विजेता फिल्मकारों से मिले मुख्यमंत्री, झारखंड को फिल्म निर्माण का केंद्र बनाने का भरोसा

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को झारखंड मंत्रालय में राज्य के पुरस्कार विजेता फिल्मकारों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए झारखंड को फिल्म विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री से मिलने वालों में बीजू टोप्पो, सेराल मुर्मू, निरंजन कुजूर, रवि राज मुर्मू, अनुज कुमार और मानसिंह बास्के शामिल थे। फिल्मकारों ने अपनी फिल्मों, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धियों तथा झारखंड की जनजातीय, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर किए गए कार्यों की जानकारी दी।

फिल्म निर्माण को मिलेगा सरकारी सहयोग

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य के कलाकार, निर्देशक और फिल्मकार राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड से लगातार उत्कृष्ट फिल्में बन रही हैं, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार फिल्म निर्माण, शूटिंग, तकनीकी प्रशिक्षण और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।

फिल्मकारों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

मुलाकात के दौरान फिल्मकारों ने राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन, स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और झारखंड को उभरते फिल्म गंतव्य के रूप में विकसित करने के संबंध में अपने सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत बेहद समृद्ध है। फिल्म जैसे प्रभावी माध्यम के जरिए इसे देश और दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments