रांची। भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार द्वारा आयोजित होने वाले 68वें शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को बकरी बाजार परिसर में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन और स्तंभ पूजन कर भव्य पूजा पंडाल निर्माण का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष पूजा पंडाल तमिलनाडु के तंजौर स्थित विश्व प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा।
150 से अधिक कारीगर तैयार करेंगे भव्य पंडाल
संघ के सचिव रवि रोहत्गी ने आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया। इस वर्ष 150 से अधिक कारीगर पंडाल निर्माण में जुटेंगे। आयोजकों के अनुसार पंडाल का निर्माण इस तरह किया जाएगा कि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें और इसकी भव्यता का आनंद ले सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा विशेष ध्यान
संस्था के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि इस बार दर्शनार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशाल पंडाल में लाखों श्रद्धालुओं के सुगम प्रवेश और निकास की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का पूजा पंडाल अपनी ऐतिहासिक थीम और आकर्षक स्वरूप के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
महापौर ने की आयोजन की सराहना
भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलको, उपमहापौर नीरज कुमार तथा वार्ड पार्षद सुनील यादव उपस्थित रहे। महापौर रोशनी खलको ने कहा कि भारतीय युवक संघ वर्षों से भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण का कार्य कर रहा है। संस्था हर वर्ष अपने आकर्षक पूजा पंडालों के माध्यम से देश की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य करती है।
इस अवसर पर संस्था की ओर से विनोद छापड़िया, राजेश बुधिया, राकेश गोयल सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में संरक्षक शंभू अग्रवाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। समारोह को सफल बनाने में संस्था के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


