नाम्ची (सिक्किम)। दक्षिण सिक्किम के नाम्ची जिले में एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। बुधवार देर रात खोज एवं बचाव अभियान के दौरान नौ और शव बरामद किए गए।
मिथेन गैस रिसाव के बाद हुआ हादसा
समरदुंग, झोलुंगे स्थित परियोजना की सुरंग में 20 जुलाई की दोपहर अचानक विस्फोट के साथ कथित रूप से मिथेन गैस का रिसाव हुआ था। इसकी चपेट में आने से सुरंग में काम कर रहे श्रमिक प्रभावित हुए और कई मजदूर अंदर फंस गए।
हादसे के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य सरकार की एजेंसियां और विशेषज्ञ बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।
25 श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी
सुरंग के अंदर खराब परिस्थितियों के कारण कुछ समय के लिए बचाव अभियान प्रभावित हुआ था, लेकिन बुधवार सुबह इसे फिर तेज कर दिया गया। शाम तक एक शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या 13 हो गई थी। इसके बाद देर रात नौ और शव बरामद किए गए।
नाम्ची जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक सुरंग से 22 शव निकाले जा चुके हैं। एनएचपीसी के मुताबिक, हादसे के समय सुरंग के अंदर 25 श्रमिक मौजूद थे।
बचाव दलों ने तेज किया अभियान
जिला प्रशासन ने बताया कि शेष श्रमिकों की तलाश के लिए बचाव अभियान और तेज कर दिया गया है। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल), आसनसोल की दूसरी बचाव टीम भी रात करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंची और अभियान में शामिल हो गई।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल लगातार सुरंग के अंदर तलाश अभियान चला रहे हैं।


