HomeBreaking Newsपीएम मोदी के आश्वासन के बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया 26...

पीएम मोदी के आश्वासन के बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया 26 दिन का अनशन

नई दिल्ली। नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर 26 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन अनशन को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने समाप्त कर दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुई बातचीत के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो संदेश जारी कर प्रश्नपत्र लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था।

सरकार से बातचीत के बाद लिया फैसला

अनशन समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने कहा कि यह निर्णय व्यापक बातचीत और देश में किसी भी तरह की हिंसा की आशंका को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने बताया कि कई राजनीतिक दलों के करीब 65 सांसदों ने भी उनसे मुलाकात कर या पत्र लिखकर अनशन खत्म करने का आग्रह किया था।

वांगचुक ने कहा कि इस फैसले के पीछे कुछ महत्वपूर्ण शर्तें हैं, जिनकी जानकारी वह जल्द ही अलग वीडियो के माध्यम से साझा करेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने और हिंसा से दूर रहने की अपील की।

छात्रों पर कार्रवाई नहीं करने का मिला भरोसा

सोनम वांगचुक से जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने सफदरजंग अस्पताल में मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, सरकार और आंदोलनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद कुछ अहम मुद्दों पर सहमति बनी।

प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के आश्वासन ने भी अनशन समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई।

28 जून से चल रहा था अनशन

सोनम वांगचुक ने 28 जून को छात्रों और युवाओं के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। उनकी मांगों में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, प्रश्नपत्र लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था लागू करना शामिल था।

लगातार उपवास के कारण 18 जुलाई को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों की सलाह और अदालत के निर्देश पर दिल्ली पुलिस उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले गई थी, जहां उनका इलाज किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो संदेश और सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा था कि प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ और कड़े कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद आंदोलन के समाधान की दिशा में सकारात्मक माहौल बना और देर रात सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने की घोषणा की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments