Homeबिहारछात्र प्रदर्शन को लेकर किशनगंज में हाई अलर्ट

छात्र प्रदर्शन को लेकर किशनगंज में हाई अलर्ट

किशनगंज : पटना सहित बिहार के विभिन्न जिलों में चल रहे छात्र आंदोलन और प्रदर्शनों को देखते हुए किशनगंज जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम)अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)खुसरू सिराज, सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

एहतियात के तौर पर समाहरणालय परिसर समेत सभी महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि शहर में लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने सभी पुलिस अधिकारियों को हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में चल रहे छात्र आंदोलन को देखते हुए किशनगंज में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। आम लोगों से भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments