रांची। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद, रांची द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (कृषि एवं अन्य समवर्गी पाठ्यक्रम) 2028 के कदाचार मुक्त संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची सदर अनुमंडल क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची श्री कुमार रजत ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। यह आदेश 26 जुलाई 2025 को सुबह 7:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रांची श्री राकेश रंजन के संयुक्त आदेश से सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों, उनके अभिभावकों या असामाजिक तत्वों द्वारा परीक्षा केंद्रों पर भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है। इसी को देखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।
200 मीटर क्षेत्र में इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
निषेधाज्ञा के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास निम्नलिखित गतिविधियों पर रोक रहेगी—
- पांच या उससे अधिक व्यक्तियों का एक स्थान पर जमा होना प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे मुक्त रखा गया है।
- किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर रोक रहेगी।
- बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद सहित किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा।
- लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला जैसे हरवे हथियार ले जाने पर रोक रहेगी।
- किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित नहीं की जा सकेगी।
इन परीक्षा केंद्रों पर लागू रहेगा आदेश
- सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, गर्ल्स बरियातू, रांची
- सेंट जॉन्स हाई स्कूल, करबला टैंक रोड, रांची
- सेंट पॉल्स कॉलेज, चर्च रोड, रांची
- छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, बूटी रोड, रांची
- योगदा सत्संग विद्यालय, जगन्नाथपुर, धुर्वा, रांची
- मारवाड़ी प्लस टू हाई स्कूल, अपर बाजार, रांची
- उर्सुलाइन इंटर कॉलेज, डॉ. कैमिल बुलके पथ, रांची
- गोस्सनर कॉलेज केंद्र-ए, एनएम होरो मार्ग, रांची
- गोस्सनर कॉलेज केंद्र-बी, एनएम होरो मार्ग, रांची
- उर्सुलाइन इंटर गर्ल्स हाई स्कूल, डॉ. कैमिल बुलके पथ, रांची
- सेंट पॉल्स हाई स्कूल, चर्च रोड, रांची


