झाड़ग्राम। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लॉरी से करीब 1200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में लॉरी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि लोहे के पाइप से लदी एक लॉरी में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। इसके बाद झाड़ग्राम पुलिस ने बालिभाषा फ्लाईओवर के पास वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान लॉरी से करीब 1200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ। यह लॉरी कोलकाता से ओडिशा जा रही थी।
तस्करी गिरोह की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड निवासी राजू मुंडारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
झाड़ग्राम जिला पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से लाया गया था, इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।


