इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में एक संयुक्त पुलिस चौकी पर हुए आतंकी हमले में 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 14 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने 12 आतंकवादियों को मार गिराया है।
विस्फोटक वाहन से किया गया हमला
आईएसपीआर के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, 23 और 24 जुलाई की दरमियानी रात आतंकवादियों ने संयुक्त पुलिस चौकी की सुरक्षा घेराबंदी तोड़ने की कोशिश की। सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमले को नाकाम कर दिया।
इसके बाद भाग रहे आतंकवादियों का पीछा कर सुरक्षा बलों ने 12 हमलावरों को मार गिराया। सेना के मुताबिक, हमले में नाकाम होने के बाद आतंकवादियों ने विस्फोटकों से भरे वाहन को चौकी की बाहरी दीवार से टकरा दिया, जिससे जोरदार धमाका हुआ।
इस विस्फोट में चौकी को भारी नुकसान पहुंचा और 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सेना के 12 जवान, दो पुलिसकर्मी और वन विभाग के एक पूर्व अधिकारी शामिल हैं।
आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी
आईएसपीआर ने बताया कि इलाके में बचे हुए आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सेना ने कहा कि देश से आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां लगातार अभियान जारी रखेंगी।
हमले के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा की। दोनों नेताओं ने मारे गए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और जवाबी कार्रवाई में आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।
खैबर पख्तूनख्वा में बढ़ी आतंकी गतिविधियां
पाकिस्तान में वर्ष 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता वापसी के बाद से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पाकिस्तान सरकार इन क्षेत्रों में आतंकवाद के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।


