Homeक्राइमटाटानगर स्टेशन से तीन शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के दो फोन...

टाटानगर स्टेशन से तीन शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के दो फोन बरामद

पूर्वी सिंहभूम। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने ट्रेन में चोरी करने वाले तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

संदिग्ध गतिविधियों के बाद पकड़े गए आरोपी

मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर बुधवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान हावड़ा-हटिया क्रिया योग एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से दो युवक चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर उतरकर तेजी से भागते दिखे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और दोनों युवकों की पहचान कर तलाश शुरू की।

कुछ देर बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर घूमते मिले। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपितों से पूछताछ जारी

गिरफ्तार युवकों की पहचान समीर मुखी (20), सावन मुंडा (17) और शेखर सिंह उर्फ पाजी (20), सभी निवासी सोपोडेरा, थाना परसुडीह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जांच की जा रही है।

पूरी कार्रवाई आरपीएफ टाटानगर पोस्ट कमांडर और जीआरपी थाना प्रभारी के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने की। तीनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments