रामगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रामगढ़ जिले में चलाया गया मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया गया है। जिले के बड़कागांव और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन और अप्रमाणित प्रपत्रों के वर्गीकरण का कार्य पूरा किया गया।
जिलाधिकारी ऋतुराज ने गुरुवार को बताया कि जिले में कुल 7,55,455 मतदाता हैं। सभी मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र मुद्रित कर वितरित किए गए। अभियान के दौरान 6,21,238 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया गया, जबकि 1,34,217 अप्रमाणित प्रपत्रों का वर्गीकरण किया गया।
1.34 लाख अप्रमाणित मतदाताओं का हुआ वर्गीकरण
अप्रमाणित प्रपत्रों में 19,800 मृत मतदाता, 55,014 स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित मतदाता, 12,437 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिनका नाम पहले से अन्य स्थान पर दर्ज है। इसके अलावा 46,198 अनुपस्थित और 768 अन्य श्रेणी के मामले पाए गए।
प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत जिले के सभी मतदाताओं का 100 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया गया है।
बड़कागांव में 75 हजार से अधिक प्रपत्र अप्रमाणित
बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,90,873 मतदाता हैं। यहां 3,90,867 प्रपत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन किया गया। इस क्षेत्र में 75,167 प्रपत्र अप्रमाणित पाए गए।
इनमें 10,344 मृत मतदाता, 38,756 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 7,227 पहले से नामांकित, 18,472 अनुपस्थित और 368 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं।
रामगढ़ विधानसभा में 59 हजार प्रपत्र अप्रमाणित
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,64,582 मतदाता हैं। यहां 3,64,490 प्रपत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन किया गया। इस विधानसभा क्षेत्र में 59,050 प्रपत्र अप्रमाणित दर्ज किए गए।
इनमें 9,456 मृत मतदाता, 16,258 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 5,210 पहले से नामांकित, 27,726 अनुपस्थित और 400 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं।


