खूंटी। खूंटी बाइपास और तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (पुराना एनएच-75ई) के फोरलेन निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार और वार्ड पार्षद अनूप साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।
दोनों नेताओं ने केंद्रीय मंत्री से परियोजना का काम जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि भारत सरकार की ओर से 22 अगस्त 2024 को इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी राजपत्र अधिसूचना जारी की जा चुकी है, लेकिन राज्य स्तर पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाई है।
भूमि अधिग्रहण में तेजी लाने की मांग
आनंद कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा ने भी राज्य सरकार और जिला प्रशासन से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया था, ताकि लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ क्षेत्र के लोगों को जल्द मिल सके।
उन्होंने बताया कि खूंटी बाइपास सड़क का शिलान्यास 10 मार्च 2026 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस दौरान करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत वाली दो सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया था।
1907 करोड़ की लागत से बनेगी 31 किलोमीटर फोरलेन सड़क
तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक 31.31 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना में खूंटी बाइपास भी शामिल है। इस परियोजना को 15 मार्च 2024 को 1907.31 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी मिली थी।
परियोजना के लिए 156.6 हेक्टेयर निजी भूमि और 15 हेक्टेयर वन भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री से आवश्यक पहल कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया, जिससे क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होगी और विकास को गति मिलेगी।


