नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने नीट परीक्षा लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों और अन्य लोगों पर आगे कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया है। गृह विभाग ने गुरुवार को आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा कि यह निर्णय उच्चतम न्यायालय के निर्देश के अनुरूप लिया गया है।
गृह विभाग के अनुसार, केवल आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को इस राहत का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
13 मामलों की होगी समीक्षा
सरकार ने बताया कि 29 जुलाई तक नीट (यूजी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े प्रदर्शनों के संबंध में दिल्ली पुलिस ने कुल 13 मामले दर्ज किए थे।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की मंजूरी के बाद जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि दिल्ली के किसी भी पुलिस प्राधिकरण द्वारा इन प्रदर्शनों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कोई प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, यह संरक्षण उन लोगों पर लागू नहीं होगा जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है।
गिरफ्तार लोगों की रिहाई की प्रक्रिया शुरू होगी
गृह विभाग ने कहा कि इन मामलों में गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए लोगों के मामलों की समीक्षा की जाएगी और उनकी रिहाई की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
सरकार के अनुसार, नीट परीक्षा विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं होगी और इन मामलों को समाप्त माना जाएगा।


