HomeBreaking Newsअसम बाढ़: शिवसागर में सबसे ज्यादा तबाही, मृतकों की संख्या 80 पहुंची

असम बाढ़: शिवसागर में सबसे ज्यादा तबाही, मृतकों की संख्या 80 पहुंची

गुवाहाटी। असम में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे उतर रहा है, लेकिन शिवसागर जिला अब भी सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। कई गांवों में कमर तक मिट्टी की गाद भर गई है और घरों के भीतर भी यही स्थिति बनी हुई है। कई परिवारों के सदस्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।

आठ जिले अब भी बाढ़ की चपेट में

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के 30 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार, शिवसागर, गोलाघाट, बिश्वनाथ, चराईदेव, कामरूप (मेट्रो), जोरहाट, धेमाजी और नगांव जिले अभी भी बुरी तरह प्रभावित हैं। इन जिलों के 21 राजस्व मंडलों के 437 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य की 2,12,441 आबादी प्रभावित है और 17,198.09 हेक्टेयर कृषि भूमि अब भी पानी में डूबी हुई है।

शिवसागर में दो और शव मिले

धनसिरि (नुमलीगढ़) नदी अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। शिवसागर जिले में दो और शव मिलने के बाद बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है। ऊपरी असम के शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों में सबसे अधिक नुकसान दर्ज किया गया है।

राहत शिविरों में 13 हजार से अधिक लोग

सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए 62 राहत शिविर और 50 राहत वितरण केंद्र संचालित किए हैं। राहत शिविरों में 13,294 लोग रह रहे हैं, जबकि 62,289 लोग राहत वितरण केंद्रों से सहायता प्राप्त कर रहे हैं।

राहत-बचाव अभियान जारी

एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, अर्धसैनिक बल, वायुसेना, पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में 94 चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं और 26 नावों के माध्यम से राहत कार्य जारी है। बाढ़ के कारण सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments