सारण। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक पद की लिखित परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का सारण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई में दो अभ्यर्थियों, एक सिपाही और दो होमगार्ड जवान समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
ब्लूटूथ डिवाइस और वॉकी-टॉकी के जरिए कराई जा रही थी नकल
पुलिस के अनुसार, आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनी परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान सघन जांच में दो अभ्यर्थियों विश्वजीत कुमार शर्मा (वैशाली) और अमित कुमार (भोजपुर) के पास से संदिग्ध ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि केंद्र के बाहर मौजूद उनके सहयोगी वॉकी-टॉकी के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने वाले थे।
छह अन्य सहयोगी भी गिरफ्तार
अभ्यर्थियों की निशानदेही पर पुलिस ने परीक्षा केंद्र के बाहर घेराबंदी कर छह अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से एक ब्लूटूथ डिवाइस, एक वॉकी-टॉकी सेट, दो चार्जर, बैटरी, नौ मोबाइल फोन, एक कार, दो आधार कार्ड और दो प्रवेश पत्र बरामद किए गए।
आईटी एक्ट और बिहार लोक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मुफस्सिल थाना में भारतीय न्याय संहिता, बिहार लोक परीक्षा अधिनियम 2024 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल सिपाही परीक्षा व्यवस्था की कमियों का लाभ उठाकर अभ्यर्थियों तक नकल सामग्री और सॉल्वर पहुंचाता था, जबकि होमगार्ड जवान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की जानकारी गिरोह तक पहुंचाते थे। अन्य सदस्य अभ्यर्थियों की तलाश, पैसों के लेनदेन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की व्यवस्था का काम करते थे।


