अररिया। अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त छापेमारी में 2.42 किलोग्राम गांजा और 10 लाख 88 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपित और उसका पुत्र मौके से फरार हो गए।
घर में छिपाकर रखा था गांजा और नकदी
पुलिस के अनुसार, मिल्की डुमरिया वार्ड संख्या 3 स्थित बैजनाथ बहरदार के घर पर गुरुवार देर शाम छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और गांजा बरामद हुआ। मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में नरपतगंज के राजस्व अधिकारी रामउदगार चौपाल उपस्थित थे।
दो महिलाओं से पूछताछ, मुख्य आरोपित फरार
कार्रवाई के दौरान बैजनाथ बहरदार की दो पत्नियों अमला देवी और सीमा देवी को हिरासत में लिया गया। वहीं बैजनाथ बहरदार और उसका पुत्र पंकज बहरदार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
अभियान का नेतृत्व फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने किया। उनके साथ पुलिस और एसएसबी के कई अधिकारी तथा जवान शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बैजनाथ बहरदार और उसके पुत्र पर मादक पदार्थों की तस्करी और उससे अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।


