सुलतानपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार के पास शुक्रवार सुबह एक टूरिस्ट क्रूजर का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वाराणसी से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, टूरिस्ट क्रूजर वाराणसी से अयोध्या दर्शन के लिए जा रही थी। वाहन में मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना के समय वाहन का पिछला टायर फट गया, जिससे चालक का नियंत्रण खो गया और गाड़ी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।
पांच गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर
टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्रियों के सिर, हाथ-पैर और चेहरे पर चोटें आईं। सूचना मिलते ही एनएचएआई और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लंभुआ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुदधूलाल, बलराम, कल्लू, बतीसिया सहित पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, सीओ ऋतिक कपूर, नायब तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह ने बताया कि वाहन में कुल 15 लोगों के सवार होने की सूचना है। किसी भी यात्री की मृत्यु नहीं हुई है और सभी घायलों का उपचार जारी है।


