Homeकारोबारटाटा स्टील का पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन, भारत में मुनाफा 35...

टाटा स्टील का पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन, भारत में मुनाफा 35 प्रतिशत बढ़कर 4,668 करोड़ रुपये

पूर्वी सिंहभूम। टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) के वित्तीय परिणामों में मजबूत प्रदर्शन दर्ज करते हुए घरेलू कारोबार में उल्लेखनीय बढ़त हासिल की है। चुनौतीपूर्ण वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद कंपनी ने लाभप्रदता, परिचालन दक्षता और बिक्री के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी का भारत में कर पश्चात लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 4,668 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि समेकित कर पश्चात लाभ 19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,385 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कंपनी की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पहली तिमाही में समेकित राजस्व 60,794 करोड़ रुपये और समेकित ईबीआईटीडीए 9,370 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है। भारत में कंपनी का राजस्व 36,989 करोड़ रुपये और ईबीआईटीडीए 9,908 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस दौरान भारत में ईबीआईटीडीए मार्जिन 27 प्रतिशत रहा, जबकि प्रति टन ईबीआईटीडीए बढ़कर 19,162 रुपये हो गया।

उत्पादन और बिक्री में भी रही मजबूती

अप्रैल-जून तिमाही के दौरान भारत में 5.76 मिलियन टन कच्चे इस्पात का उत्पादन किया गया, जबकि 5.17 मिलियन टन इस्पात की आपूर्ति की गई। कंपनी ने बताया कि मेरामंडली और कलिंगानगर संयंत्रों में निर्धारित रखरखाव कार्य के कारण उत्पादन और आपूर्ति पर सीमित असर पड़ा, लेकिन आगामी महीनों में परिचालन पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की चुनौतियों के बावजूद भारत कंपनी की वृद्धि का प्रमुख आधार बना हुआ है। उन्होंने बताया कि घरेलू आपूर्ति में 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि ऑटोमोटिव और स्पेशल प्रोडक्ट्स कारोबार ने पहली तिमाही का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके अलावा टाटा टिस्कॉन और टाटा स्टीलियम की बिक्री में भी 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

33,873 करोड़ रुपये के निवेश को मिली मंजूरी

कंपनी के निदेशक (वित्त) कौशिक चटर्जी ने बताया कि पहली तिमाही के दौरान 3,579 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया गया। तिमाही के अंत तक कंपनी का शुद्ध ऋण 84,173 करोड़ रुपये और समूह की कुल तरलता 45,950 करोड़ रुपये रही।

उन्होंने बताया कि निदेशक मंडल ने नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड में 4.8 मिलियन टन क्षमता विस्तार परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 33,873 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे लंबे इस्पात उत्पादों के उत्पादन और ब्रांडेड रिटेल कारोबार में कंपनी की स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments