गुवाहाटी। असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए उद्योगपति गौतम अदानी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 करोड़ रुपये का दान दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गौतम अदानी ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष में यह राशि दी है। उन्होंने कहा कि अदानी हमेशा प्रचार से दूर रहकर सामाजिक कार्यों में योगदान देते रहे हैं और इस संकट के समय भी उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाने के लिए कई स्तरों पर सहयोग किया है।
असम के प्रति दिखाई जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री
डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम के विकास की यात्रा में निवेश को लेकर गौतम अदानी ने जो भरोसा और सहयोग दिखाया है, संकट के समय भी वही जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़े होने के लिए अदानी का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में समाज के अलग-अलग वर्गों से लगातार सहायता मिल रही है। इस राशि का इस्तेमाल पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों के जीवन को दोबारा सामान्य बनाने के लिए किया जाएगा।


