रिपोट : शेख अशरफ अली
सिल्ली। सिल्ली उप डाकघर की ओर से डाकघर की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रथ को प्रखंड प्रमुख जितेंद्र बाईक और जिला परिषद उपाध्यक्ष बीना चौधरी ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर रवाना किया। यह रथ प्रखंड की 25 पंचायतों में भ्रमण कर ग्रामीणों को डाक विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा।
डाकघर की योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
जागरूकता रथ के माध्यम से सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, डाकघर बचत बैंक, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
सावन और रक्षाबंधन के लिए विशेष सुविधा
डाक विभाग ने सावन के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार का गंगाजल मात्र 30 रुपये में उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के लिए राखी भेजने की सुविधा भी डाकघर के माध्यम से 10 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर पूर्वी अनुमंडल डाक निरीक्षक चंदन कुमार, सहायक लव कुमार, मेल ओवरसीयर मुकेश कुमार, एसपीएम सिल्ली दुबराज महतो, कुलदीप मुंडा, हिमसागर महतो, रोशन कुमार सहित अन्य डाक कर्मचारी उपस्थित थे।


