मुंबई। अभिनेता गोविंदा ने सलमान खान के साथ फिल्म ‘पार्टनर’ की शूटिंग से पहले का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि एक समय सलमान निजी परेशानियों से गुजर रहे थे और काफी उदास रहते थे। उसी दौरान उन्होंने सलमान को खुद पर ध्यान देने और फिटनेस सुधारने की सलाह दी थी।
‘आप हीरो हैं, लेकिन अभी हीरो जैसे नहीं दिखते’
गोविंदा ने बताया कि उस समय उनका खुद का वजन भी काफी बढ़ गया था और वह राजनीति से बाहर आए थे। उन्होंने सलमान से कहा, “आप हीरो हैं, लेकिन अभी हीरो जैसे नहीं दिखते। आप दुखी और उदास नजर आते हैं। इस स्थिति से बाहर निकलना होगा।”
गोविंदा के मुताबिक, उनकी बात सुनकर सलमान ने तुरंत पूछा, “मुझे क्या करना चाहिए?” इसके जवाब में उन्होंने रोजाना दो से तीन घंटे एक्सरसाइज करने की सलाह दी और कहा कि उनके व्यक्तित्व में एक बड़े स्टार बनने की पूरी क्षमता है।
‘आप अगले 10 साल तक राज करेंगे’
गोविंदा ने दावा किया कि उन्होंने सलमान से यह भी कहा था कि वह आने वाले दस वर्षों तक फिल्म इंडस्ट्री पर राज करेंगे। उनके अनुसार, सलमान ने फिटनेस और करियर पर गंभीरता से काम किया और बाद के वर्षों में लगातार सफल फिल्में देकर अपनी अलग पहचान बनाई।
डेविड धवन के निर्देशन में बनी ‘पार्टनर’ 2007 में रिलीज हुई थी और सलमान खान तथा गोविंदा की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।


