HomeBreaking Newsवाटर कैनन के बीच झूमे छात्र, बैरिकेड पर चढ़कर किया डांस

वाटर कैनन के बीच झूमे छात्र, बैरिकेड पर चढ़कर किया डांस

रांची। जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को हुए विधानसभा घेराव मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई के बीच प्रदर्शनकारी छात्रों का अलग ही अंदाज देखने को मिला। वाटर कैनन की तेज बौछारों और पुलिस की सख्ती के बावजूद कई छात्र पीछे हटने के बजाय नारे लगाते, झूमते और नृत्य करते नजर आए।

पानी की बौछारों के बीच नारेबाजी और नृत्य

वाटर कैनन से निकल रहे तेज पानी के बीच कुछ छात्र सड़क पर ही डांस करते रहे, जबकि एक छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर नृत्य करता दिखाई दिया। कई प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए ताल और लय के साथ झूमते रहे। कुछ छात्रों ने तो पानी की बौछारों के बीच साबुन लगाकर स्नान करना भी शुरू कर दिया। इस दृश्य ने प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

स्पाइडरमैन और भालू की वेशभूषा में पहुंचे युवा

प्रदर्शन के दौरान कुछ युवा स्पाइडरमैन और भालू की वेशभूषा पहनकर भी पहुंचे। दोनों अलग-अलग रूप में प्रदर्शनकारियों के बीच आकर्षण का केंद्र बने रहे। पुलिस कार्रवाई और नारेबाजी के बीच उनका यह अनोखा अंदाज कुछ समय के लिए माहौल को हल्का और जीवंत बनाता दिखाई दिया।

भविष्य और रोजगार से जुड़ा है आंदोलन

राहुल कुमार, प्रवीण कश्यप और रवींद्र कुमार सहित कई छात्र अभ्यर्थियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल विरोध-प्रदर्शन नहीं, बल्कि उनके भविष्य और रोजगार के अधिकार से जुड़ा प्रश्न है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा कई वर्षों तक मेहनत करते हैं और अपनी आर्थिक व व्यक्तिगत प्राथमिकताओं को पीछे छोड़ देते हैं।

छात्रों ने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में लगातार कथित अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि चयन प्रक्रिया में पैसे और प्रभाव की भूमिका की शिकायतें सामने आती रहेंगी, तो पूरी भर्ती व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से परीक्षा से लेकर परिणाम और नियुक्ति तक पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग की। उनका कहना था कि सरकारी नौकरी का आधार केवल योग्यता, मेहनत और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया होनी चाहिए। छात्रों ने कहा कि वे चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ी को अपने अधिकारों के लिए इस तरह संघर्ष न करना पड़े और इसी उद्देश्य से वे विधानसभा मार्च में शामिल हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments