Homeक्राइमजमीन विवाद में अशोक पासवान की मौत, एक ही परिवार के पांच...

जमीन विवाद में अशोक पासवान की मौत, एक ही परिवार के पांच सदस्य गिरफ्तार

पलामू। जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में अशोक पासवान की मौत के मामले में हुसैनाबाद पुलिस ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में संतोष पासवान, उसके तीन पुत्र और पत्नी शामिल हैं। मामले की जानकारी हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में दी।

मारपीट के दौरान हुई थी अशोक पासवान की मौत

एसडीपीओ ने बताया कि थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पथरा गांव से संतोष पासवान (50), उसके पुत्र सुमित पासवान उर्फ सुधांशु (27), सोनू पासवान (25), सौरभ पासवान (21) और पत्नी रीता देवी (45) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, नौ अगस्त को हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पथरा गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान अशोक पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

आठ लोगों के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पांचों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उनसे विवाद के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों सहित अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की गहन जांच जारी है और अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के पुत्र आयुष कुमार की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments