कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में एक-दो स्थानों पर सात से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली और बांकुड़ा में भी सात से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहेगा
उत्तर बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। जलपाईगुड़ी, मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 13 अगस्त को पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम बर्दवान में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बनने वाला निम्न दबाव राज्य में बारिश की गतिविधि बढ़ाने वाला प्रमुख मौसमी तंत्र होगा। 11 से 15 अगस्त के बीच पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट तथा उत्तर बंगाल की खाड़ी में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंके 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। विभाग ने इस अवधि में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।


