नई दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बुधवार को दिल्ली में ‘हर घर तिरंगा’ साइकिल रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना केवल फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदूषण और यातायात जैसी समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दिल्ली विश्वविद्यालय से आयोजित इस रैली में एक हजार से अधिक मायभारत स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की पहचान
रैली के दौरान डॉ. मांडविया ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइकिल फिटनेस का संदेश देती है, प्रदूषण कम करने में मदद करती है और ट्रैफिक की समस्या के समाधान का भी प्रभावी माध्यम बन सकती है। उन्होंने स्वयंसेवकों के साथ ‘हर घर तिरंगा’ रैली में भाग लेकर लोगों से फिटनेस और राष्ट्रभक्ति दोनों का संदेश अपनाने की अपील की।
हर घर तिरंगा अभियान का बढ़ा महत्व
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राओं और रैलियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत की सामूहिक शक्ति और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है। इस वर्ष यह अभियान वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित है, जिससे इसका महत्व और बढ़ गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और तिरंगे के साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का गौरव और हर नागरिक को राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा है।
‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी राष्ट्रीय परंपरा बन चुका है। इस वर्ष अभियान के दौरान वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, ऑनलाइन प्रशिक्षण और तिरंगे के साथ सेल्फी अभियान भी विशेष आकर्षण होंगे।


