Homeबिहारछठ घाट तोड़कर पंचायत भवन निर्माण पर बवाल, सरपंच और ग्रामीणों ने...

छठ घाट तोड़कर पंचायत भवन निर्माण पर बवाल, सरपंच और ग्रामीणों ने उठाए सवाल

मोतिहारी। जिले के तुरकौलिया प्रखंड की जयसिंहपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर-11 में निर्माणाधीन पंचायत भवन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सरपंच बृज किशोर प्रसाद समेत ग्रामीणों ने निर्माण स्थल के चयन पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है।

छठ घाट तोड़कर निर्माण कराने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन के निर्माण के लिए छठ घाट को तोड़कर उसकी जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत क्षेत्र में कई जगह सरकारी जमीन खाली पड़ी है। इसके बावजूद छठ घाट वाली जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

एनओसी मिलने पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने पंचायत भवन के लिए चुने गए स्थान पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण स्थल सौदागर के बगल में है, ऐसे में इस स्थान के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) कैसे जारी किया गया, इसकी भी जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों के अनुसार, जब सरकारी जमीन अन्य स्थानों पर उपलब्ध है तो विवादित स्थल का चयन क्यों किया गया, यह जांच का विषय है।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

सरपंच बृज किशोर प्रसाद और ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण स्थल का निरीक्षण कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पंचायत भवन के निर्माण के लिए स्थल का चयन नियमों के अनुरूप किया गया है या नहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments