HomeBreaking Newsजेपीएससी-जेएसएससी छात्र आंदोलन का 20वां दिन, सीबीआई जांच की मांग पर अड़े...

जेपीएससी-जेएसएससी छात्र आंदोलन का 20वां दिन, सीबीआई जांच की मांग पर अड़े छात्र

रांची। जेपीएससी-जेएसएससी समेत विभिन्न मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन का 20वां दिन रहा। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक पैदल मार्च निकाला। बड़ी संख्या में शामिल छात्रों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को पूरा करने की आवाज बुलंद की।

मार्च के दौरान छात्रों ने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे उठाए। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन बातचीत और आश्वासन के बावजूद उनकी प्रमुख मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

सीबीआई जांच से कम कुछ मंजूर नहीं

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच से जुड़े जीवन कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की मांग स्पष्ट है और जब तक सरकार उनकी मांग स्वीकार नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े मामलों में छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीबीआई जांच की मांग से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

जीवन कुमार ने कहा कि छात्र किसी राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलन नहीं कर रहे हैं, बल्कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अपने भविष्य को लेकर आवाज उठा रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि निष्पक्ष जांच से ही परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments