रांची। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह के सफल, सुरक्षित और सुचारू आयोजन को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे।
ब्रीफिंग में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह तथा अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने संयुक्त आदेश में निर्धारित दायित्वों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने कार्य, दायित्व और प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी रखने तथा निर्धारित समय से पहले अपने-अपने स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों के आगमन तथा निर्गमन की व्यवस्था को समयबद्ध और व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि समारोह में आने वाले सभी आगंतुकों की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी अवांछित व्यक्ति या आपत्तिजनक सामग्री को समारोह स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी अधिकारी और जवान पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह ने समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा कारणों से ड्रोन संचालन पर रोक
संयुक्त ब्रीफिंग में स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा कारणों से समारोह के दौरान मोरहाबादी मैदान में ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन के माध्यम से ही वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।



