शिवहर। शिवहर जिला कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. असद ने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात कर जिले के मदरसा और संस्कृत बोर्ड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस दौरान जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष मो. सद्दाम हुसैन भी मौजूद रहे।
मो. असद ने मंत्री को बताया कि जिले के मदरसा और संस्कृत बोर्ड के शिक्षकों तथा कर्मचारियों का वेतन कई महीनों से लंबित है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस महीने के अंत तक मदरसा और संस्कृत बोर्ड के सभी शिक्षक-कर्मियों का बकाया वेतन जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
मुलाकात के बाद मो. असद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा और शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी उनके अधिकारों तथा समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करती रहेगी।



