शिवहर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नगर परिषद शिवहर की ओर से गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर सभापति राजनंदन सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में नगर पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
नगर परिषद कार्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘तिरंगा हमारी शान है’ जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गुंजायमान कर दिया। यात्रा के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
नगर सभापति राजनंदन सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा जरूर फहराएं और राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाएं।
तिरंगा यात्रा में नगर परिषद के उप सभापति, सभी वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-छात्र और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से भर गया।



