Homeक्राइमई-रिक्शा चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार; कटे पार्ट्स समेत सामान बरामद

ई-रिक्शा चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार; कटे पार्ट्स समेत सामान बरामद

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में सक्रिय ई-रिक्शा चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के चार ई-रिक्शा, एक कटा हुआ ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और बड़ी संख्या में ई-रिक्शा के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि 13 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि जीवन दीप अस्पताल के सामने स्थित जनता गैरेज में चोरी के ई-रिक्शा को काटकर उनके पार्ट्स अलग किए जाते हैं। इसके बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 मोतिहारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर गैरेज में छापेमारी की गई।

गैरेज से ई-रिक्शा और भारी मात्रा में पार्ट्स बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने गैरेज से चार ई-रिक्शा, एक कटा हुआ ई-रिक्शा, एक मोटरसाइकिल, पांच ई-रिक्शा मोटर, 10 ई-रिक्शा चार्जर और पांच ई-रिक्शा बैटरी बरामद की। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र निवासी मो. इस्तियाक, पिता मो. इगीन उर्फ मनीर साह, नगर थाना क्षेत्र के कोल्हुअरवा निवासी मो. ब्यामुद्दीन, दरोगा टोला निवासी नंदकिशोर पासवान, पिता रामअयोध्या पासवान और एक विधि-विरुद्ध बालक के रूप में हुई है।

शहर और आसपास से चोरी करते थे ई-रिक्शा

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में शहर और आसपास के इलाकों से ई-रिक्शा चोरी करते थे। चोरी के बाद ई-रिक्शा को जनता गैरेज में लाया जाता था, जहां उसे काटकर अलग-अलग पार्ट्स निकाल लिए जाते थे। इसके बाद इन पार्ट्स को बेच दिया जाता था।

पुलिस ने मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी दल का नेतृत्व सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 दिलीप कुमार ने किया। टीम में नगर थाना और छतौनी थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments