नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने सोमवार को देशवासियों को नाग पंचमी के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने इस पर्व को प्रकृति के प्रति श्रद्धा, जीव-जगत के सम्मान और सह-अस्तित्व की भावना से जुड़ा बताया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक्स पर शुभकामना संदेश में कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से नाग पंचमी का पर्व सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में प्रकृति के प्रति श्रद्धा, समस्त जीव-जगत के प्रति करुणा और सह-अस्तित्व का भाव हमेशा निहित रहा है। नाग पंचमी इसी शाश्वत जीवन-दृष्टि का पावन पर्व है। यह पर्व प्रकृति के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन और प्रत्येक जीव के सम्मान का संदेश देता है।
नितिन नवीन और गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी दी शुभकामनाएं
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि नाग पंचमी का पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और मंगल लेकर आए।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नाग पंचमी की शुभकामना देते हुए लिखा- ”ॐ भुजंगेशाय विद्महे, सर्पराजाय धीमहि, तन्नो नागः प्रचोदयात्।”
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि महादेव और नाग देवता से प्रार्थना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य लेकर आए।



