Homeअन्तर्राष्ट्रीयनेपाल में प्राकृतिक आपदा का कहर, चार दिनों में 21 लोगों की...

नेपाल में प्राकृतिक आपदा का कहर, चार दिनों में 21 लोगों की मौत

काठमांडू। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के बाद भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। पिछले चार दिनों में रोल्पा और जाजरकोट जिलों में प्राकृतिक आपदा के कारण 21 लोगों की मौत हो गई। भूस्खलन की घटनाओं में एक व्यक्ति अब भी लापता है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह जानकारी दी है।

प्राधिकरण के अनुसार, लगातार बारिश के बाद रोल्पा जिले की थवाड़, सुनछहरी और लुंग्री गांवपालिकाओं में कई स्थानों पर भीषण भूस्खलन हुआ। इन घटनाओं में कुल 17 लोगों की जान गई है। अकेले थवाड़ में हुए भूस्खलन में 12 लोगों की मौत हुई। एक व्यक्ति लापता है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।

सुनछहरी में चार और लुंग्री में एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं, जाजरकोट जिले की भेरी नगरपालिका क्षेत्र में हुए भूस्खलन में चार लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही दोनों जिलों में मृतकों की कुल संख्या 21 हो गई है।

राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमें

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रवक्ता शान्ति महत ने बताया कि लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं। इन हादसों में अब तक 21 लोगों की मौत, एक व्यक्ति के लापता होने और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

राहत और बचाव कार्य के लिए स्थानीय निकायों, रेडक्रॉस और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। भूस्खलन के कारणों और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का अध्ययन करने के लिए एक समिति गठित की गई है। समिति भेरी नगरपालिका और बाजुरा की त्रिवेणी नगरपालिका में हुए भूस्खलन का भी भूगर्भीय अध्ययन करेगी। प्राधिकरण ने समिति को अगले तीन दिनों के भीतर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर अध्ययन शुरू करने का निर्देश दिया है।

पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा

प्राधिकरण ने बताया कि हिमालयी और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जमीन कमजोर और दलदली हो गई है। इससे भूस्खलन की घटनाओं और खतरे में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अन्य क्षेत्रों में भी बाढ़, अचानक आने वाली बाढ़, मलबे के बहाव और जलभराव का खतरा बना हुआ है। प्राधिकरण ने मानसून के दौरान लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने और जोखिम वाले क्षेत्रों से सावधान रहने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments