Homeझारखंडसोमवारी पुराण की मौत को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, निष्पक्ष जांच के...

सोमवारी पुराण की मौत को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, निष्पक्ष जांच के लिए निकाली रैली

पूर्वी सिंहभूम। जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीह गांव में 17 वर्षीय छात्रा सोमवारी पुराण की मौत का मामला गंभीर होता जा रहा है। पिछले रविवार को छात्रा का शव गांव में ही एक पेड़ से लटका मिला था। घटना के बाद से परिजन और ग्रामीण उसकी मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने सोमवार को रैली निकालकर मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराने की मांग की।

रैली में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीण हाथों में सोमवारी की तस्वीर लेकर गांव में घूमे और ‘सोमवारी को न्याय दो’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रा की मौत को केवल आत्महत्या मानकर जांच सीमित नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने खुदकुशी, हत्या या किसी अन्य कारण की आशंका समेत सभी पहलुओं से जांच कराने की मांग की।

पत्र में सोनू नामक युवक का जिक्र होने का दावा

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शव मिलने के बाद घटनास्थल के पास से एक पत्र मिलने की बात सामने आई थी। ग्रामीणों का दावा है कि पत्र में सोनू नामक युवक का जिक्र होने की जानकारी मिली है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से उक्त युवक की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। हालांकि, पत्र में लिखी बातों और उसकी वास्तविकता की पुलिस स्तर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ग्रामीण छात्रा के मोबाइल फोन को भी जांच के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं। उन्होंने पुलिस से सोमवारी के मोबाइल की कॉल डिटेल, संदेश और अन्य गतिविधियों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल की जांच से घटना से पहले छात्रा के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी सामने आ सकती है। साथ ही यह भी पता लगाने की जरूरत है कि घटना वाली रात सोमवारी से किसने संपर्क किया था और क्या किसी ने उसे फोन कर घर से बाहर बुलाया था।

सभी साक्ष्यों को जोड़कर जांच की मांग

ग्रामीणों ने पुलिस से पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों, पत्र और मोबाइल जांच समेत सभी बिंदुओं को जोड़कर मामले की जांच करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जांच में यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द निष्पक्ष जांच और न्याय की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में ग्राम प्रधान गोपाल पुराण, स्थानीय युवक सुजीत पुराण, सोमवारी की मां अनीता पुराण, पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार और हल्दीपोखर की मुखिया देवी कुमारी भूमिज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments